अपने ही शासन में भाजपाइयों का विरोध प्रदर्शन
जिले के बस्सी उपखण्ड मुख्यालय पर कांग्रेस शासन में स्वीकृत जिला चिकित्सालय की भूमि के चयन को लेकर अब विरोध के स्वर तेज हो गए हैं।
बस्सी एवं आसपास के करीब 60 गांवों के सैकड़ों ग्रामीण सोमवार को सांसद जनसुनवाई केन्द्र के बाहर एकत्रित हुए और जिला अस्पताल निर्माण के लिए नई एवं उपयुक्त भूमि के चयन की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता कमलेश पुरोहित, सी.पी. नामधराणी एवं रामगोपाल ओझा ने जब ग्रामीणों से कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष डीआईडीए हॉल में मौजूद हैं और वहीं पर बुला रहे हैं, तो ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे भाजपा के समर्थक हैं, लेकिन जिलाध्यक्ष, सांसद और विधायक को उनकी बात सुनने के लिए स्वयं जनसुनवाई केन्द्र पर आना होगा।
काफी देर बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी जनसुनवाई केन्द्र पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने अस्पताल निर्माण के लिए सहज पहुंच (एप्रोच) वाली भूमि के चयन की मांग करते हुए उन्हें जमकर खरी-खरी सुनाई। इसके बाद सांसद सी.पी. जोशी भी जनसुनवाई केन्द्र पहुंचे। ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि वर्तमान में जिला चिकित्सालय के लिए चिन्हित भूमि मुख्य सड़क से काफी अंदर है तथा वहां तक सुलभ मार्ग बनाने की भी कोई वास्तविक संभावना नहीं है। ऐसे में इस स्थान पर अस्पताल निर्माण आमजन के लिए कठिनाइयों का कारण बनेगा। सांसद ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या को भी मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बस्सी में यह विवाद भाजपा संगठन और विधायक के बीच चल रहा है। विधायक गुट अस्पताल उसी स्थान पर बनाने पर अड़ा है, जहां पूर्व में घोषणा और शिलान्यास हुआ था। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वर्तमान भूमि उपयुक्त नहीं है, क्योंकि वहां आने-जाने के रास्ते बेहद संकरे हैं और भविष्य में दो एम्बुलेंस का आमना-सामना भी संभव नहीं होगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि विधायक वर्तमान स्थान पर ही अस्पताल बनवाना चाहते हैं, तो कम से कम 50 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। अन्यथा भीलवाड़ा रोड स्थित खेल मैदान एवं आसपास उपलब्ध पर्याप्त सरकारी भूमि पर जिला चिकित्सालय का निर्माण किया जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुगमता से मिल सकें।
What's Your Reaction?