मनरेगा को कमजोर करने की साजिश के खिलाफ कांग्रेस का शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया की अध्यक्षता में जिला कलेक्टर चौराहे पर भाजपा, आरएसएस तथा केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया गया।
जिला महामंत्री अहसान पठान ने बताया कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार तथा आरएसएस द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को कमजोर करने की साजिश की जा रही है। इसके तहत महात्मा गांधी के नाम को हटाने और ग्रामीणों के रोजगार के कानूनी अधिकार को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेसजन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया एवं पूर्व केबिनेट मंत्री उदयलाल आजना ने कहा कि भाजपा के इन मंसूबों को कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी। यदि जरूरत पड़ी तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जेल जाना पड़े तो भी जाएंगे, लेकिन रोजगार गारंटी योजना को कमजोर नहीं होने देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में भाजपा सरकार आने के बाद विकास रुक गया है और केवल नाम बदलने तथा देश की संपत्ति बेचने का काम किया जा रहा है, जिससे देश की दिशा और दशा दोनों खराब हो गई हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में करीब 20 वर्ष पूर्व संसद में सर्वसम्मति से मनरेगा कानून पारित किया गया था। यह एक क्रांतिकारी कदम था, जिससे करोड़ों ग्रामीण परिवारों को लाभ मिला, विशेषकर वंचित, शोषित, गरीब और अतिगरीब वर्ग को आजीविका का सहारा मिला। मनरेगा किसी एक पार्टी की योजना नहीं, बल्कि देश और जनहित से जुड़ी ऐतिहासिक योजना है, जिसे लागू कराने में कांग्रेस का बड़ा योगदान रहा है।
प्रदर्शन के पश्चात “अरावली बचाओ–देश बचाओ” के संबंध में सभी कांग्रेसजनों ने जिला कलेक्टर महोदय को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर जिलेभर से सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सेवादल, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, ओबीसी, किसान कांग्रेस एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?