हफ्ता वसूली मामले में पुलिस का सख्त संदेश: उसी चौराहे पर निकाला आरोपियों का जुलूस
शहर में हफ्ता वसूली के लिए हाथ ठेला संचालक से मारपीट व तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की है।
चित्तौड़गढ़। शहर में हफ्ता वसूली के लिए हाथ ठेला संचालक से मारपीट व तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की है। अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से पुलिस ने उसी चौराहे पर आरोपियों का जुलूस निकाला, जहां वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि राजीव गांधी पार्क के पास हाथ ठेला चलाने वाले शंकरलाल डांगी ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि कुछ युवक लंबे समय से 200-200 रुपये की रंगदारी मांग रहे थे और जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। मंगलवार रात आरोपियों ने चेतक पानी-पुड़ी के ठेले पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की और सामान सड़क पर बिखेर दिया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व रिपोर्ट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उदयलाल गुर्जर, घनश्याम गिरी, ईश्वर और दिनेश भील को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। हमले में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?