द्वारिका धाम में हुई लूट का 24 घंटे में खुलासा: चित्तौड़गढ़ पुलिस ने 6 शातिर बदमाशों को किया गिरफ्तार
dwarika dham mein hui loot ka 24 ghante mein khulasa:chittaudgarh police ne 6 shatir badmashon ko kiya giraftaar
चित्तौड़गढ़ : शहर की द्वारिका धाम कॉलोनी में 4 जुलाई को हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस वारदात में 6 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है और इसमें डकैती की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं. पुलिस ने लूटी गई राशि, एटीएम कार्ड, एप्पल मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है.
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गत शनिवार को प्रार्थी संजय पुत्र जगदीश सालवी निवासी सहनवा ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी. इसमें नकदी लूट की बात कही थी. द्वारिका धाम कॉलोनी में गणपति मंदिर व दरगाह के पास बरगद के पेड़ के नीचे बाइक व स्कूटी सवार चार बदमाशों के धक्का देकर रुपए से भरा बैग व मोबाइल छीनने का आरोप लगाया था. प्रार्थी ने रिपोर्ट में 4,90,000 बताए थे, लेकिन अनुसंधान में बैग में कुल दो लाख रुपए होना पाया गया.
ऐसे बदमाशों तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए गठित पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के सीसी टीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की. लगातार दबिश देकर 6 आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने 3 अन्य साथियों के साथ मिल कर साजिश रच कर लूट करना स्वीकार किया.
इनकी गिरफ्तारी
मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए सभी छह आरोपित चित्तौड़गढ़ शहर के ही रहने वाले हैं. पुलिस ने सेंती कच्ची बस्ती क्षेत्र के निवासी दीपक पुत्र केशुराम खटीक, अस्मित पुत्र मुकेश राठौड़, आदित्य खोखर पुत्र किशनलाल खोखर, पवन पुत्र उदयलाल मेघवाल, धीरज पुत्र लालचन्द बैरवा, निवासी बीज गोदाम के पीछे पंचवटी सेंती और सेंट्रल एकेडमी के पास रहने वाले पवन पुत्र खेमदास वैष्णव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई नकदी, एटीएम कार्ड, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है. शेष 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
इस त्वरित खुलासे में तुलसीराम (थानाधिकारी कोतवाली), प्रेम सिंह (थानाधिकारी सदर), पारस कुमार (उप्रनि), नवरंग लाल, चांदमल, हरफूलाल (सहायक उपनिरीक्षक), पुष्पेंद्र सिंह (हेड कांस्टेबल), ओम प्रकाश, लक्ष्मण सिंह, नंदलाल, राजकुमार, अभिषेक, सुरेंद्र सिंह, भजन लाल, विनोद कुमार, रामअवतार (डीएसटी व साइबर सेल), प्रहलाद, दुर्गेश, सुनील कुमार, हेमराज एवं पदम (कांस्टेबल) की विशेष भूमिका रही।
What's Your Reaction?