भीलवाड़ा में फ्रूटी वितरण एवं “आर्ट ऑफ गिविंग” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम
Frooti distribution and awareness program on “Art of Giving” organized in Bhilwara
आर्ट ऑफ गिविंग फाउंडेशन एवं महाराणा प्रताप युवा क्लब द्वारा उच्च प्राथमिक राजकीय विद्यालय, कांवा खेड़ा, भीलवाड़ा में फ्रूटी वितरण एवं “आर्ट ऑफ गिविंग” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम
भीलवाड़ा। आर्ट ऑफ गिविंग फाउंडेशन एवं महाराणा प्रताप युवा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में उच्च प्राथमिक राजकीय विद्यालय, कांवा खेड़ा, भीलवाड़ा में सामाजिक सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 1 से 5 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को फ्रूटी का वितरण किया गया तथा बच्चों को “आर्ट ऑफ गिविंग ” अर्थात “देने की संस्कृति” का महत्व समझाया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी नंदलाल जी जीनगर उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेखा पांडे एवं शिक्षिका आशा हरिजन ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्था सदस्यों प्रथा माहेश्वरी, प्रांजल दाधीच, कुणाल माहेश्वरी एवं नीतू शर्मा ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान प्रथा माहेश्वरी ने बच्चों को “आर्ट ऑफ़ गिविंग ” की भावना को सरल एवं प्रेरणादायक शब्दों में समझाते हुए कहा कि,
“जब हम किसी को अपना समय, देखभाल, प्यार और सम्मान देते हैं, तो वह कम नहीं होता बल्कि और अधिक बढ़ता है। देने की भावना ही समाज को जोड़ती है और इंसानियत को मजबूत बनाती है।”
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सहयोग, संवेदनशीलता, सम्मान एवं सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करना रहा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया तथा सेवा और साझा करने के संदेश को आत्मसात किया।
इस वर्ष आर्ट ऑफ गिविंग फाउंडेशन की थीम “शेयर टु शाइन ” रखी गई है, जिसका उद्देश्य समाज में साझा करने, सहयोग करने एवं जरूरतमंदों की सहायता के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाना है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संस्था प्रतिनिधियों ने बताया कि आर्ट ऑफ गिविंग फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. अच्युत समंता द्वारा शुरू किया गया यह अभियान समाज में निस्वार्थ सेवा एवं “ जॉय ऑफ़ गिविंग ” की भावना को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, सौ से अधिक छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की निरंतरता बनाए रखने की आवश्यकता जताई।
What's Your Reaction?