कार ने किसान को मारी टक्कर; हालत गंभीर
चित्तौड़गढ़-डबोक हाईवे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार मारुति अर्टिगा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालूराम के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
कार ने किसान को मारी टक्कर; हालत गंभीर
भूपालसागर। कस्बे का विश्राम स्थल चौराहा अब 'ब्लैक स्पॉट' बनता जा रहा है। शनिवार शाम करीब 4:50 बजे स्टेट हाईवे संख्या 9 पर एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक सवार बुजुर्ग किसान को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है। वहीं, टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
तेज रफ्तार का कहर
भूपालसागर थानाधिकारी घेवर चंद रेगर ने बताया कि रावतिया गांव निवासी बालूराम जाट (65) अपनी मोटरसाइकिल से विश्राम स्थल चौराहे के पास पहुंचे थे। इसी दौरान चित्तौड़गढ़-डबोक हाईवे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार मारुति अर्टिगा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालूराम के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
उदयपुर रेफर, नाकाबंदी जारी
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत भूपालसागर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। चिकित्सकों ने सिर की गंभीर चोट को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें 108 एम्बुलेंस के जरिए उदयपुर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही थानाधिकारी मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और फरार कार की तलाश के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई।
जिम्मेदारों की चुप्पी पर ग्रामीणों का आक्रोश
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि पिछले दो महीनों में इस हाईवे पर 3 से 4 बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि कुंभकर्णी नींद में सोए हैं। सड़क सुरक्षा को लेकर न तो यहां कोई साइन बोर्ड लगाए गए हैं और न ही गति नियंत्रण के उपाय किए गए हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
What's Your Reaction?