पिकअप से 750 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस थाना पारसोली द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 750 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना पारसोली द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 750 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अवैध अफीम परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध रूप से मादक पदार्थों का परिवहन करने वाले तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देशों के क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा भगवत सिंह एवं पुलिस उप अधीक्षक बेगूं अंजलि सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी पारसोली शिवराज राव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई।
एएसआई भवानी सिंह, रामदयाल सउनि, हैड कांस्टेबल चांदमल तथा कांस्टेबल शीशराम, मुकेश, जितेंद्र व सोनाराम द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 (कोटा–चित्तौड़गढ़ लेन) पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पारसोली के सामने नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान बिछोर की ओर से आ रही एक पिकअप को रोककर चालक एवं उसके साथी से पूछताछ की गई, जो घबरा गए।
संदेह के आधार पर पिकअप की तलाशी लेने पर उसके ग्लोव बॉक्स में रखी प्लास्टिक थैली से कुल 750 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अवैध अफीम एवं पिकअप वाहन को जब्त कर आरोपियों 38 वर्षीय नारणाराम पुत्र जोगाराम जाट निवासी बांड, थाना गुढामालानी, जिला बाड़मेर तथा 45 वर्षीय बंशीलाल पुत्र कालू धाकड़ निवासी फुसरिया, थाना सिंगोली, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
What's Your Reaction?