श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय में बीएससी नर्सिंग (आयुर्वेद) एवं डीएएनएण्डपी के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का भव्य वेदारंभ समारोह संपन्न
श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय में बीएससी नर्सिंग (आयुर्वेद) एवं डीएएनएण्डपी पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित सभागार में भव्य वेदारंभ समारोह का आयोजन किया गया।
निंबाहेड़ा। श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय में बीएससी नर्सिंग (आयुर्वेद) एवं डीएएनएण्डपी पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित सभागार में भव्य वेदारंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ठाकुर श्री के पूजन एवं सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक श्रीचंद कृपलानी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भगवती शंकर व्यास, पूर्व विधायक अशोक नवलखा एवं जिला प्रमुख गब्बरसिंह उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान कुलगुरु प्रो. महेश दीक्षित एवं चेयरपर्सन कैलाशचंद्र मूंदड़ा द्वारा किया गया। कुलसचिव ने स्वागत भाषण में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा एवं वैदिक मूल्यों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि विधायक श्रीचंद कृपलानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि वेदारंभ संस्कार केवल शैक्षणिक शुरुआत नहीं, बल्कि जीवन को संस्कार, अनुशासन एवं सेवा भाव से जोड़ने का पवित्र संकल्प है। उन्होंने आयुर्वेद एवं नर्सिंग शिक्षा को मानवता की सेवा का सशक्त माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुलगुरु प्रो. महेश दीक्षित ने वैदिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संस्कार, सेवा एवं समर्पण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। समारोह के अंत में चेयरपर्सन कैलाशचंद्र मूंदड़ा ने आशीर्वचन देते हुए विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समाज व राष्ट्र सेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।
वेदपीठ द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा डॉ. रोहित शर्मा ने प्रस्तुत की तथा संचालन नटवर भाम्बी ने किया। समापन अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राहुल प्रसाद सती एवं डॉ. सौरभ जोशी द्वारा दिया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, गणमान्यजन, नवप्रवेशित विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वेदारंभ समारोह ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की शुभ एवं संस्कारपूर्ण शुरुआत का संदेश दिया।
What's Your Reaction?