निम्बाहेड़ा। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशन में गुरुवार को निम्बाहेड़ा-छोटीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधानसभा चुनाव प्रबंधन एवं समन्वयक की बैठक आदर्श कॉलोनी स्थित झूलेलाल भवन में आयोजित की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मदन कौशिक थे, अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट ने की। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष जाट ने निम्बाहेड़ा-छोटीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र के संगठन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक के आरंभ में अतिथियों ने भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित किया। बैठक का संचालन निम्बाहेड़ा नगर मण्डल अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कौशिक ने कहा कि सभी कार्यकर्ता चुनाव तैयारियों में लग जाएं, राजस्थान में भाजपा की सरकार बन रही है। निम्बाहेड़ा विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित है, आपके अथक परिश्रम से भाजपा का मत-प्रतिशत बढ़ना चाहिए।
उन्होने कार्यकर्ताओं को जीत के चार मंत्र देते हुए कहा कि आगामी चुनावों में संगठन, नेतृत्व, वातारण, समन्वय से सभी को कार्य कर पार्टी को विजयी बनाना है। कौशिक ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जहां संगठन में जाति, धर्म, सम्प्रदाय का भेद नही है। यहां सभी दूध में शक्कर की तरह मिल कर कार्य कर रहे है। हमारी पार्टी के सभी लोग जनता के बीच में कार्य कर नेता बनकर निकले है।
बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने परिवारवाद को लेकर कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा में कांग्रेस की तरह एक परिवार से नेता नही निकलते हैं, यहां आम कार्यकर्ताओं के बीच से नेता बनते हैं। उन्होंने सभी को प्रत्येक बूथ की अलग-अलग रणनीति बनाकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया, उपस्थित पदाधिकारियों को बूथ विजय के चाणक्य बताया। उन्होंने सभी को बूथ स्तर पर निरंतर रूप से बूथ समिति की बैठक कर बूथ की रणनीति तैयार करने को कहा।
बैठक में पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, धनराज शर्मा मंचासीन रहे। अंत में विधानसभा संयोजक बगदीराम धाकड़ ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधानसभा चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति के समस्त सदस्य, विधानसभा क्षेत्र में निवासरत जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, पूर्व मंडल अध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, प्रधान, पूर्व प्रधान, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, छोटी बैठक एवं श्रेणी अभियान प्रमुख मौजूद रहे।