इंडियन नेशनल ऑटो चालक संघ का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, लक्की टांक अध्यक्ष निर्वाचित
जिला मुख्यालय पर रविवार को इंडियन नेशनल ऑटो चालक संघ का वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। चुनाव का आयोजन शहर के बांसवाड़ा रोड स्थित वुडलैंड पार्क में किया गया
प्रतापगढ़। जिला मुख्यालय पर रविवार को इंडियन नेशनल ऑटो चालक संघ का वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। चुनाव का आयोजन शहर के बांसवाड़ा रोड स्थित वुडलैंड पार्क में किया गया। चुनाव प्रभारी शहजाद की मौजूदगी में यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया पूरी कराई गई।
चुनाव में कुल 103 टेंपो चालकों में से लगभग 99 प्रतिशत चालकों ने मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो संघ के प्रति चालकों की जागरूकता और एकजुटता को दर्शाता है।
अध्यक्ष पद पर कड़ा मुकाबला
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में लक्की टांक को 78 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राधेश्याम बारोलिया को 17 मत मिले। इस पद पर 6 मत निरस्त घोषित किए गए। स्पष्ट बहुमत के साथ लक्की टांक को अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
उपाध्यक्ष पद पर राहुल जटिया की जीत
उपाध्यक्ष पद के चुनाव में राहुल जटिया को 63 मत प्राप्त हुए और उन्होंने जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी अनिल को 32 मत मिले, जबकि 8 मत निरस्त हुए। इस पद पर कुल 100 मतों की गणना की गई।
जुलूस व भव्य स्वागत
चुनाव परिणाम घोषित होने के पश्चात वुडलैंड पार्क से नवनिर्वाचित अध्यक्ष लक्की टांक एवं उपाध्यक्ष राहुल जटिया का जुलूस निकाला गया। जुलूस जीरो माइल चौराहा और गांधी चौराहा होते हुए टेंपो स्टैंड पहुँचा, जहाँ ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में टेंपो चालक, उनके मित्रगण एवं समर्थक उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी टेंपो चालकों का आभार व्यक्त किया। संघ की ओर से शीघ्र ही कार्यकारिणी गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई।
What's Your Reaction?