चंदेरिया स्मेल्टर में श्रमिकों की विशाल संयुक्त आम सभा आयोजित
चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर मजदूर संघ एवं जिला मेटल माइंस मजदूर संघ की संयुक्त विशाल आम सभा प्लांट परिसर में आयोजित की गई।
चंदेरिया। चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर मजदूर संघ एवं जिला मेटल माइंस मजदूर संघ की संयुक्त विशाल आम सभा प्लांट परिसर में आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता जिला मेटल माइंस मजदूर संघ के अध्यक्ष रणजीत सिंह भाटी ने की।
सभा में अतिथि के रूप में हिंदुस्तान जिंक वर्कर्स फेडरेशन के कोषाध्यक्ष मांगीलाल अहीर, सहायक महामंत्री प्रकाश श्रीमाल, महेंद्र कुमार सोनी, घनश्याम सिंह राणावत सहित सत्येंद्र कुमार मोड, महेंद्र सिंह भाटी एवं जी.एन.एस. चौहान मंचासीन रहे।
आम सभा के प्रारंभ में प्रख्यात श्रमिक नेता स्वर्गीय बी. चौधरी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् से सभा की शुरुआत हुई। कार्यकारिणी द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में रणजीत सिंह भाटी ने कहा कि चंदेरिया के श्रमिक संगठित एवं एकजुट हैं तथा हिंदुस्तान जिंक वर्कर्स फेडरेशन में पूर्ण विश्वास रखते हैं। उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं के निराकरण एवं आगामी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई।
मांगीलाल अहीर ने फेडरेशन के इतिहास की जानकारी देते हुए सभी श्रमिक साथियों से एकजुट रहने का आह्वान किया तथा संगठन के समक्ष आने वाली चुनौतियों के प्रति सजग रहने की अपील की। महेंद्र कुमार सोनी ने एलटीएस पर प्रकाश डालते हुए भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी और बताया कि फेडरेशन के प्रयासों से देशभर में कंपनी के श्रमिकों को सर्वाधिक वेतन एवं सामाजिक सुरक्षा मिल रही है।
प्रकाश श्रीमाल ने देशभर में श्रमिक यूनियनों के वातावरण पर चर्चा करते हुए सभी यूनिटों की यूनियनों को संगठित रहने एवं भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने आगामी एलटीएस को लेकर कहा कि संगठन की मजबूती से बेहतर समझौता संभव होगा।
सभा को महेंद्र सिंह भाटी, प्रहलाद गवारिया, शोभालाल जाट एवं पुष्पेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन जी.एन.एस. चौहान ने किया।
इस विशाल आम सभा में चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर मजदूर संघ एवं जिला मेटल माइंस मजदूर संघ की कार्यकारिणी सहित लगभग 3500 श्रमिकों ने भाग लिया। वक्ताओं के आह्वान पर श्रमिकों ने हाथ उठाकर संगठन एवं हिंदुस्तान जिंक वर्कर्स फेडरेशन में अपना विश्वास व्यक्त किया।
सभा के अंत में कार्यकारी अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार मोड ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शांतिपूर्ण एवं अनुशासित आयोजन के लिए सभी श्रमिकों का आभार व्यक्त किया। सभा का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
What's Your Reaction?