आदि कर्मयोगी अभियान के तहत महिला जागरूकता बैठक आयोजित
केंद्र सरकार द्वारा संचालित आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत महिला जागरूकता बैठक जिला मुख्यालय स्थित संजीवनी सेवा संस्थान में आयोजित की गई।
प्रतापगढ़। केंद्र सरकार द्वारा संचालित आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत महिला जागरूकता बैठक जिला मुख्यालय स्थित संजीवनी सेवा संस्थान में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं को धरातल तक पहुँचाना और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को इन योजनाओं से अधिकतम लाभान्वित करना रहा।
जिला सहायक अनुसिया मीणा ने बैठक में बताया कि आदि कर्मयोगी अभियान का मुख्य लक्ष्य है—
ग्रामीण समुदाय को सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें स्वावलंबी और जागरूक बनाना। उन्होंने कहा कि जैविक खेती, बागवानी, कन्यादान महादान योजना तथा सहजन (मोरिंगा) औषधीय खेती को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण इलाकों में नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अनुसिया मीणा ने यह भी बताया कि अभियान के माध्यम से सभी योजनाओं की वास्तविक जानकारी लाभार्थियों तक पहुँचाना महत्वपूर्ण है, ताकि हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में उपस्थित महिलाओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अभियान से ग्रामीण महिलाओं में जागरूकता बढ़ती है और सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण को भी बल मिलता है।
कार्यक्रम में संजीवनी सेवा संस्थान से जुड़े सदस्य एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाएँ सहभागी रहीं।
What's Your Reaction?