कपिल देव बोले आज की युवा पीढ़ी खेलों में हमसे ही बड़ा नाम करें
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती एवं उनकी जन्मशताब्दी ‘अटल स्मृति वर्ष’ के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य समापन समारोह चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित हुआ।
चित्तौड़गढ़। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती एवं उनकी जन्मशताब्दी ‘अटल स्मृति वर्ष’ के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य समापन समारोह चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के खिलाड़ियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विभिन्न राज्यों के युवा खिलाड़ियों से संवाद भी किया।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी कपिल देव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता सांसद सीपी जोशी ने की। प्रधानमंत्री मोदी का लाइव वर्चुअल संबोधन इंदिरा गांधी स्टेडियम में बड़ी स्क्रीन पर प्रसारित किया गया, जिसे खिलाड़ियों और उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक देखा।
सांसद खेल महोत्सव 29 अगस्त से प्रारंभ हुआ, जिसमें देशभर के 290 सांसदों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस महोत्सव में लगभग एक करोड़ युवा खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराकर भाग लिया, जिससे ग्रामीण स्तर से लेकर विधानसभा और लोकसभा स्तर तक खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिला।
इस अवसर पर कपिल देव ने कहा कि वे चाहते हैं कि आज की नई पीढ़ी खेल की दुनिया में उनसे भी आगे निकले। उन्होंने कहा कि उनके समय में संसाधनों की कमी थी, लेकिन आज सरकार स्वयं खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने सांसद सीपी जोशी से आग्रह किया कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं प्रतिवर्ष आयोजित की जाएं, ताकि खिलाड़ियों का मनोबल निरंतर बढ़ता रहे।
सांसद सीपी जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी वर्ष सांसद-विधायक खेल महाकुंभ आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा, जिसमें विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजन करेंगे और संसदीय मुख्यालय पर महाकुंभ का आयोजन कर खिलाड़ियों को और अधिक प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके पश्चात प्रतियोगिताओं के लिए ध्वजारोहण किया गया।
समापन अवसर पर सांसद सीपी जोशी ने अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, सड़कों के विस्तार तथा नदियों को जोड़ने जैसी ऐतिहासिक योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अटल जी की जन्मशताब्दी के अवसर पर 101वें वर्ष में इसे सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
25 दिसंबर को अटल जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन कर भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में श्रद्धा एवं सम्मान अर्पित किया गया तथा पुष्पांजलि अर्पित कर सुशासन दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री चंद कृपलानी, विधायक चंद्रभान सिंह, अर्जुन लाल जीनगर, सुरेश धाकड़, जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, भाजपा जिला अध्यक्ष रतन गाडरी, महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, रघु शर्मा, नगर अध्यक्ष सागर सोनी, यूआईटी चेयरमैन सुरेश जवर, सांवरिया जी मंदिर मंडल अध्यक्ष जानकीदास वैष्णव, चंद्रशेखर सोनी, गौरव त्यागी, नवीन पटवारी, ओम प्रकाश शर्मा, अनिल ईनाणी, श्रवण सिंह राव, पूर्व जिला अध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री श्रवण सिंह राव ने किया।
What's Your Reaction?