ग्राम पंचायत केली के नाम पर फर्जी पट्टा तैयार कर लोन उठाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने ग्राम पंचायत केली के नाम पर फर्जी पट्टा तैयार कर विभिन्न वित्तीय संस्थानों से लोन उठाने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में गंभीर धोखाधड़ी और जालसाजी का खुलासा हुआ है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 26 मई 2025 को ग्राम पंचायत केली के ग्राम विकास अधिकारी रामनारायण जाट द्वारा थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा में एक लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि ग्राम केली निवासी टिकमचंद कच्छावा के नाम से पट्टा संख्या 08 दिनांक 30-12-2024 दर्शाकर एक ऋणदाता संस्था द्वारा सत्यापन के लिए पंचायत में प्रस्तुत किया गया, जबकि उक्त पट्टे से संबंधित कोई भी रिकॉर्ड ग्राम पंचायत में उपलब्ध नहीं था। जांच में यह भी सामने आया कि पट्टे पर वर्तमान सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी के हस्ताक्षर तथा अंगूठे के निशान फर्जी थे। इस पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
फर्जी पट्टा बनाकर लोन उठाने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश एएसपी चित्तौड़गढ़ श्रीमती सरिता सिंह के मार्गदर्शन एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में थानाधिकारी कोतवाली निम्बाहेड़ा रामसुमेर मीणा द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा 14 दिसम्बर को आरोपी टिकमचंद कच्छावा (42) निवासी केली को गिरफ्तार किया गया।
गहन अनुसंधान में सामने आया कि फर्जी पट्टा रोहित धनगर (23) निवासी ढाबा, थाना जावद जिला नीमच (म.प्र.) तथा पुष्कर धाकड़ (33) निवासी चंगेडी, थाना सदर निम्बाहेड़ा द्वारा तैयार कराया गया था। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि पुष्कर धाकड़, दिलीप कुमार नायक निवासी लोद, जिला नीमच (म.प्र.) से फर्जी पट्टे बनवाकर उनकी रजिस्ट्री करवाता था, जबकि रोहित धनगर विभिन्न फाइनेंस बैंकों से लोन पास करवाने का काम करता था और इसके बदले कमीशन लेता था।
प्रकरण में यह भी उजागर हुआ कि टिकमचंद कच्छावा ने फर्जी पट्टे की जानकारी होते हुए भी रोहित धनगर के माध्यम से चोलामंडलम फाइनेंस बैंक, चित्तौड़गढ़ से लोन उठाया। बाद में गोपाल लाल कच्छावा (42) निवासी केली, जो टिकमचंद का रिश्तेदार (जीजाजी) है, द्वारा भी अपने मकान का फर्जी पट्टा टिकमचंद के नाम बनवाकर लोन उठवाने की पुष्टि हुई, जिस पर उसे भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी रोहित धनगर, पुष्कर धाकड़ व दिलीप कुमार नायक ने कनेरा, गंगरार एवं निम्बाहेड़ा सर्कल में कई लोगों के फर्जी पट्टे बनाकर आवास फाइनेंस बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, चोलामंडलम फाइनेंस बैंक सहित अन्य बैंकों से लोन उठाए हैं।
प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी टिकमचंद कच्छावा, रोहित धनगर, पुष्कर धाकड़ एवं गोपाल लाल कच्छावा के विरुद्ध गंभीर प्रकृति के अपराध प्रमाणित पाए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस अभिरक्षा रिमांड प्राप्त किया गया है। मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।
What's Your Reaction?