चित्तौड़गढ़ में महंत चंद्रभारती से मिलने पहुंचे डिप्टी सीएम:जन्मदिन की बधाई दी; हजारेश्वर महादेव मंदिर में पूजा- अर्चना कीं
राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने शहर के पावटा चौक स्थित प्राचीन श्री हजारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर महंत चंद्र भारती महाराज से भेंट की।
मंदिर पहुंचते ही डिप्टी सीएम ने महंत जी का आशीर्वाद लिया और उन्हें 68वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर मंदिर परिसर में सादगी और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। डिप्टी सीएम ने मंदिर में भगवान शिव के भी दर्शन किए। डिप्टी सीएम के दौरे को पूर्णतया निजी रखा गया।
सादगी से मनाया गया जन्मदिन, मावे का केक भी काटा
महंत चंद्र भारती महाराज के जन्मदिन के मौके पर मंदिर परिसर में मावे का केक काटा गया। यह केक उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा की मौजूदगी में काटा गया। इसके बाद डिप्टी सीएम ने महंत जी को शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। वहीं महंत चंद्र भारती महाराज ने भी उपमुख्यमंत्री को घड़ी भेंट कर आशीर्वाद दिया।
संत समाज और श्रद्धालुओं ने किया आत्मीय स्वागत
मंदिर परिसर में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा का संत समाज और मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं ने आत्मीय स्वागत किया। हर कोई इस अवसर को खास मान रहा था। मंदिर में भक्ति का माहौल बना रहा। महंत चंद्र भारती महाराज ने डिप्टी सीएम को आशीर्वाद देते हुए समाज और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मंदिर पहुंचने के बाद उन्होंने भगवान शिव को जल चढ़ाकर उनकी पूजा की।
ईआरसीपी योजना और जल व्यवस्था पर रखे विचार
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ईआरसीपी योजना और जल समझौते से राजस्थान के कई जिलों को पानी मिलेगा। इससे किसानों को बड़ा फायदा होगा और जल संकट से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है, ताकि प्रदेश आगे बढ़ सके।
मंदिर परिसर में बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। सरकार युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए लगातार योजनाएं लागू कर रही है। रोजगार, रसोई गैस सब्सिडी, महिलाओं को आगे बढ़ाने और किसानों की सहायता पर सरकार का विशेष ध्यान है।
विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ दी शुभकामनाएं
अंत में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान को विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने महंत चंद्र भारती महाराज के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की, ताकि उनका आशीर्वाद समाज को हमेशा मिलता रहे।
इस दौरान एडिशनल एसपी सरिता सिंह और कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत ने मौके का जायजा लिया। इसके अलावा RTO नेमीचंद पारीक, राजन माली, मोनू सोनी, मंदिर से पंडित श्रवण सामवेदी, विष्णु शर्मा, मुकेश जोशी, जुगल किशोर, भैरूलाल, गोपाल शर्मा, राहुल शर्मा, पवन, शिवप्रकाश, मुरलीधर, छीतर मल, अरुण सहित कई जने मौजूद रहे।
What's Your Reaction?