पतंग उड़ाती बहन के पीछे छत पर पहुंचा डेढ़ साल का मासूम, तीसरी मंजिल से मुंह के बल गिरा; उदयपुर रेफर
शहर के मंदसौर रोड स्थित नानेश नगर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां डेढ़ साल का मासूम बच्चा तीसरी मंजिल से नीचे मुंह के बल गिर गया।
प्रतापगढ़। शहर के मंदसौर रोड स्थित नानेश नगर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां डेढ़ साल का मासूम बच्चा तीसरी मंजिल से नीचे मुंह के बल गिर गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है।
मासूम की मां काली मीणा ने बताया कि उन्होंने केवल डेढ़ साल के मासूम को बाथरूम में टॉयलेट करवाया था। इसके बाद उसे बाहर छोड़ा और वह हाथ धोने लगीं। इसी दौरान सात साल की बड़ी बहन छत पर पतंग उड़ाने चली गई और मासूम बच्चा उसके पीछे-पीछे छत पर पहुंच गया।
छत पर लगे लोहे के एंगल पर मासूम चढ़ गया। संतुलन बिगड़ने से वह सीधे तीसरी मंजिल से नीचे मुंह के बल गिर पड़ा। जब मां छत पर पहुंची तो बच्चा वहां दिखाई नहीं दिया। नीचे जाकर देखा तो मासूम गंभीर अवस्था में पड़ा हुआ था।
घटना के बाद परिजन तुरंत मासूम को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?