पर्यावरण चौपाल का शुभारंभ – हर सप्ताह मोहल्लों में पहुंचेगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पर्यावरण संरक्षण गतिविधि द्वारा शहर में पर्यावरण चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नवाचार “पर्यावरण चौपाल” की शुरुआत की गई है।
चित्तौड़गढ़। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि द्वारा शहर में पर्यावरण चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नवाचार “पर्यावरण चौपाल” की शुरुआत की गई है। गतिविधि के नगर संयोजक गोपाल कृष्ण दाधीच ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को जन–जन तक पहुंचाने और स्थानीय स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह पहल शुरू की गई है।
शहर के हजारेश्वर महादेव क्षेत्र में प्रथम पर्यावरण चौपाल का आयोजन पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के क्षेत्रीय संयोजक विनोद मेलाना के सानिध्य में किया गया। आसपास के पर्यावरण प्रेमियों को आमंत्रित कर एक घंटे तक पर्यावरण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली, घरों में औषधीय पौधों का रोपण, किचन गार्डन, तथा मोहल्ले के जीव–जंतु जैसे कुत्ते, गाय और पक्षियों के संरक्षण पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए गए।
गतिविधि के सहप्रांत संयोजक धर्मपाल गोयल ने बताया कि संघ स्थापना शताब्दी वर्ष 2025–26 के अवसर पर शहर के प्रत्येक मोहल्ले में सप्ताह में एक बार किसी एक परिवार में चौपाल आयोजित की जाएगी। इसमें पर्यावरण संरक्षण कार्य कर रहे परिवारों को एक मंच पर लाकर पंचमहाभूतों के संरक्षण पर विचार–विमर्श किया जाएगा।
शताब्दी वर्ष के अंतर्गत संघ द्वारा संचालित पंच प्राण – कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, स्वदेशी, नागरिक संस्कार तथा पर्यावरण के संबंध में भी जनजागरण किया जाएगा।
चौपाल में गोविंद सोनी के परिवारजनों सहित मानवर्धन सिंह, मनोज वैष्णव, सूरज सेन, चिराग उपाध्याय, लाभचंद कुमावत आदि उपस्थित थे।
What's Your Reaction?