चित्तौड़गढ़ में पहली बार होगा महिलाओं का अनूठा आयोजन
महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और महिला उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से चित्तौड़गढ़ में पहली बार स्वयंसिद्धा–2025 नामक भव्य एवं अनूठे आयोजन का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन लघु उद्योग भारती महिला इकाई की ओर से 20 से 22 दिसम्बर तक गणगौर गार्डन, चित्तौड़गढ़ में आयोजित होगा।
मेला संयोजक राशि मूंदड़ा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि स्वयंसिद्धा–2025 का उद्देश्य महिला नेतृत्व वाले व्यवसायों, स्थानीय कारीगरों, स्वदेशी उत्पादों एवं युवा उद्यमियों को एक साझा मंच प्रदान करना है, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें।
उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय मेले में 65 से अधिक स्वदेशी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें फूड, फैशन, हैंडलूम, आर्ट, ज्वेलरी, होम डेकोर सहित विविध उत्पादों की स्टॉल शामिल रहेंगी। मेले के दौरान प्रतिदिन शाम 6 बजे से टैलेंट शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कविता पाठ, संगीत, नृत्य, आत्मरक्षा प्रदर्शन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
इसके साथ ही बच्चों एवं परिवारों के मनोरंजन के लिए फन जोन, गेम जोन तथा विशेष आर्ट गैलरी की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन के अंतिम दिन 22 दिसम्बर को शाम 7 बजे भव्य दिव्य कृष्ण संध्या का आयोजन किया जाएगा, जो आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान लघु उद्योग भारती महिला इकाई की अध्यक्ष अंजली शर्मा, सचिव सुरभि बल्दवा, कोषाध्यक्ष आस्था जैन, डिजिटल प्रमुख श्वेता तोषनीवाल, अनिता टांक एवं सलाहकार सीमा मेहता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?