चिकित्सा व्यवस्था बदहाल, डॉक्टरों की भारी कमी उजागर

पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने सोमवार को उप जिला चिकित्सालय छोटीसादड़ी का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।

Jan 6, 2026 - 20:16
 0  33
चिकित्सा व्यवस्था बदहाल, डॉक्टरों की भारी कमी उजागर

छोटीसादड़ी |  पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने सोमवार को उप जिला चिकित्सालय छोटीसादड़ी का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं। वर्तमान में चिकित्सालय में मात्र दो डॉक्टर ही कार्यरत पाए गए, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को समुचित स्वास्थ्य सेवाएँ नहीं मिल पा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर समाजसेवी मनीष उपाध्याय द्वारा आमरण अनशन किया जा रहा है। इसी मांग के समर्थन में सोमवार को छोटीसादड़ी बाजार बंद रहा था।

जनआंदोलन के दबाव के बाद चिकित्सा विभाग द्वारा दो दिन पूर्व ही चिकित्सालय को नवीन भवन में स्थानांतरित किया गया है। सोमवार को पूर्व मंत्री आंजना ने नगर के वरिष्ठजनों के साथ नवीन भवन का मौके पर निरीक्षण किया।

स्वास्थ्य जैसे गंभीर मुद्दे पर हो रही है राजनीति – आंजना

निरीक्षण के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि स्वास्थ्य जैसे अत्यंत संवेदनशील विषय पर विधायक श्रीचंद कृपलानी राजनीति कर रहे हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाजसेवी मनीष उपाध्याय जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं, जिन्होंने चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर आमरण अनशन प्रारंभ किया है।

आंजना ने बताया कि मनीष उपाध्याय कोविड काल से अस्पताल में निःस्वार्थ सेवा दे रहे हैं और आमजन की पीड़ा को देखते हुए डॉक्टरों की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद विधायक द्वारा उन्हें तथाकथित समाजसेवी कहकर बदनाम किया जा रहा है, जबकि पूर्व में स्वयं विधायक एवं सांसद द्वारा उन्हें सम्मानित किया जा चुका है तथा समाजसेवी का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया था।

हॉस्पिटल खर्च को लेकर लगाए गए आरोप निराधार

पूर्व मंत्री ने कहा कि विधायक द्वारा यह आरोप लगाया जा रहा है कि उनके कार्यकाल में छोटीसादड़ी अस्पताल के लिए एक रुपया भी खर्च नहीं किया गया, जो पूरी तरह निराधार है। जनता भली-भांति जानती है कि उनके कार्यकाल में छोटीसादड़ी एवं निम्बाहेड़ा चिकित्सालयों की चिकित्सा व्यवस्थाएँ कैसी थीं। वर्तमान विधायक ने केवल पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यों पर शिलालेख लगाने का काम किया है।

दो वर्षों से तैयार भवन का नहीं हुआ उपयोग

पूर्व मंत्री आंजना ने कहा कि उप जिला चिकित्सालय का नया भवन दो वर्ष पूर्व ही बनकर तैयार हो चुका था, लेकिन मरीजों के लिए उसका उपयोग नहीं किया गया। यदि समय रहते अस्पताल को नए भवन में स्थानांतरित किया जाता, तो जनता को पहले ही बेहतर सुविधाएँ मिल जातीं। समाजसेवी मनीष उपाध्याय द्वारा आवाज उठाए जाने के बाद ही सरकार हरकत में आई।

अनशन तोड़ने की अपील

पूर्व मंत्री ने समाजसेवी मनीष उपाध्याय से अनशन तोड़ने की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन अपने उद्देश्य को प्राप्त कर चुका है और छोटीसादड़ी की आवाज सरकार तक पहुँच चुकी है।

जनआंदोलन को राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण

उन्होंने कहा कि कुछ नेता इस जनआंदोलन को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि यह पूरी तरह जनहित और आम नागरिकों की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ा हुआ है। गंभीर जनसमस्याओं को राजनीतिक साजिश बताना जनभावनाओं का अपमान है।

कांग्रेस जनता के स्वास्थ्य अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध

पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एवं उसके सभी जनप्रतिनिधि छोटीसादड़ी की जनता के स्वास्थ्य अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और यह संघर्ष हर स्तर पर जारी रहेगा।

इस अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमृतलाल बंडी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश जाट, नगरपालिका निवर्तमान अध्यक्ष फातेमा मुस्तफा बोहरा, संगठन महासचिव नरेंद्र राव, पेंशनर समाज के मार्तवराव मराठा, वीरेंद्र ओढ़ीच, कन्हैयालाल कारपेंटर, सत्यनारायण आचार्य, अमृतलाल नाहर, भूरालाल साहू, पार्षद भरत वैष्णव, भरत खटिक, प्रेम तेली, चट्टान साहू, अजय यादव, हरीश टेलर, अजय शर्मा, विजय गंधर्व, मनीष साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Avinash chaturvedi

+919414112300
I'm Avinash, a dedicated news editor with a keen eye for storytelling and a passion for staying ahead of the latest developments. Armed with a background in journalism and a knack for uncovering hidden gems of information, I strive to present news in an engaging and informative manner. Beyond the headlines, I'm an avid [Hobbies/Interests], and I believe that every story contributes to the rich tapestry of our world. Join me as we dive into the dynamic world of news and discover the stories that shape our lives.