भाजपा का डबल इंजन फेल, चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी कानून-व्यवस्था की विफलता का प्रमाण — सुरेंद्रसिंह जाड़ावत
चित्तौड़गढ़ जिला कलक्टर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के मामले को लेकर पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने प्रदेश की भजनलाल शर्मा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है और आमजन की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है।
जाड़ावत ने कहा कि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज शेष नहीं बची है। चित्तौड़गढ़ जिले में माफियाओं और बदमाशों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण आपराधिक घटनाओं में इजाफा हुआ है और जिले सहित पूरे प्रदेश की जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि भाजपा की तथाकथित डबल इंजन सरकारें आमजन को बुनियादी सुरक्षा देने में भी नाकाम साबित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि जिले में रेत माफिया से जुड़े अजयराज हत्याकांड, सूरज माली मारपीट प्रकरण, रमेश इनाणी की गोली मारकर हत्या, गैंगस्टर गिरोह द्वारा कन्हैयालाल खटीक को रंगदारी की धमकी तथा रावतभाटा में व्यापारी को रंगदारी की धमकी जैसी घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें कानून का कोई भय नहीं है। जाड़ावत ने सवाल उठाया कि क्या इन घटनाओं में आमजन की सुरक्षा की कोई अहमियत नहीं रह गई है?
पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट एवं विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा गरीब नवाज दरगाह को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इस प्रकार की घटनाओं से प्रदेश में दहशत का माहौल बना हुआ है और आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में जंगलराज कायम हो चुका है। बेटियों के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हुई है, तस्करों के हौसले बुलंद हैं और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गैंगवार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे प्रदेश की जनता सहमी हुई है।
अंत में जाड़ावत ने राज्य सरकार से मांग की कि वह कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीरता दिखाए, दोषियों की शीघ्र पहचान कर कठोर कार्रवाई करे तथा प्रदेश की जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करे।
What's Your Reaction?