विकास रथ यात्रा के बजाय खाद रथ यात्रा निकाले भाजपा: जाड़ावत
राजस्थान सरकार के पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने चित्तौड़गढ़ जिले में भाजपा की विकास रथ यात्रा निकालने को लेकर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा जनप्रतिनिधियों को विकास रथ यात्रा नहीं खाद रथ यात्रा निकालनी चाहिए जिसकी वर्तमान में किसानों को सख्त आवश्यकता है।
जाड़ावत ने कहा कि भाजपा की यह रथ यात्रा पूरी तरह ड्रामेबाजी है और जनता इसे सिरे से नकार देगी। यह यात्रा सुपर फ्लॉप साबित होगी। भाजपा जनप्रतिनिधि विकास के नाम पर केवल हवा-हवाई और खोखली बयानबाजी कर रहे हैं। स्थानीय चुनावों को देखते हुए एक बार फिर झूठे वायदों और जुमलों के सहारे जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अब जनता इनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकारें अपनी विफलताओं को छुपाने तथा लोकसभा चुनावों में किए गए वायदों को पूरा न कर पाने की नाकामी पर पर्दा डालने के लिए इस तरह की दिखावटी यात्राएं निकाल रही हैं। भाजपा के शासनकाल में वास्तविक विकास नहीं हुआ है। भाजपा केवल बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों का विकास करती है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा गरीबों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, मजदूरों, किसानों, कर्मचारियों, छोटे व मध्यम व्यापारियों और मेहनतकश वर्ग के हितों के लिए काम किया है।
जाड़ावत ने कहा कि भाजपा सरकार पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार में स्वीकृत विकास कार्यों को भी आज तक पूरा नहीं कर पा रही है। चित्तौड़गढ़ जिले को किसी भी नई बड़ी योजना की सौगात नहीं दी गई है। आज हालात यह हैं कि किसान सुबह 4 बजे से खाद के लिए लाइनों में खड़े हैं, महिलाएं परेशान हैं और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी हुई है। ऐसे में भाजपा किस मुंह से विकास रथ यात्रा निकाल रही है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा जनप्रतिनिधियों में जरा भी जिम्मेदारी का भाव है तो उन्हें दिखावटी रथ यात्रा छोड़कर चित्तौड़गढ़ में ठोस विकास कार्यों और बड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारना चाहिए। केवल खबरों में बने रहने के लिए रथ यात्रा निकालने से जनता का कोई भला नहीं होने वाला।
What's Your Reaction?