वीर बाल दिवस पर भगवती बाल गृह, बस्सी में देशभक्ति से ओतप्रोत आयोजन
जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार जिला बाल संरक्षण इकाई, शिक्षा विभाग चित्तौड़गढ़ एवं भगवती सेवा एवं शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में वीर बाल दिवस के अवसर पर भगवती बाल गृह, बस्सी में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार जिला बाल संरक्षण इकाई, शिक्षा विभाग चित्तौड़गढ़ एवं भगवती सेवा एवं शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में वीर बाल दिवस के अवसर पर भगवती बाल गृह, बस्सी में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला प्रभारी विमल अग्रवाल ने कहा कि बच्चों में धैर्य, संयम, साहस एवं संस्कारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारत की पुरातन परंपरा रही है कि बाल्यावस्था से ही बच्चों में देशभक्ति का भाव विकसित किया जाए। हमें वीर साहबजादे जोरावर सिंह एवं फतेह सिंह से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने धर्म एवं राष्ट्र के स्वाभिमान की रक्षा हेतु अल्पायु में ही अपने प्राणों का बलिदान दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा ने कहा कि बच्चों को अपने जीवन में शिक्षा के साथ-साथ स्वयं एवं देश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। सहायक निदेशक, बाल अधिकारिता विभाग ओम प्रकाश तोषनीवाल ने वीर बाल दिवस की प्रासंगिकता बताते हुए कहा कि बालकों में देशभक्ति की भावना जागृत करने हेतु इस प्रकार के कार्यक्रमों का नियमित आयोजन आवश्यक है।
संस्था के अध्यक्ष रामगोपाल ओझा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर बाल अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता सहित अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन रेफरी लोकेश सोनी, विजेन्द्र कुमार, पंकज पाराशर, चाइल्ड हेल्पलाइन को-ऑर्डिनेटर नवीन काकडदा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?